नवा रायपुर।
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों और लिपिकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। लोक शिक्षण संचालनालय, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा 15 मई 2026 को राज्य के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि शिक्षकों एवं लिपिक संवर्ग के सभी रिक्त पदों पर 30 जून 2026 तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर पदोन्नति संबंधी प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए।
यह निर्णय 12 मई 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के बाद लिया गया है। बैठक में राज्यभर में रिक्त पदों और लंबित पदोन्नतियों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई गई थी, जिसके बाद सभी जिलों से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
विभाग ने शिक्षक संवर्ग, प्राथमिक शाला प्रधान पाठक, माध्यमिक शाला प्रधान पाठक तथा लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों की जानकारी 31 मई 2026 की स्थिति में एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों को यह भी कहा गया है कि भेजी जाने वाली जानकारी यू-डाइस (U-DISE) डाटा से पूरी तरह मेल खानी चाहिए, इसलिए पहले यू-डाइस डाटा को अपडेट करना अनिवार्य होगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि ‘E’ और ‘T’ संवर्ग की जानकारी अलग-अलग प्रस्तुत की जाएगी। पदोन्नति और सीधी भर्ती के दौरान शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांग आरक्षण तथा जिलेवार लागू आरक्षण रोस्टर का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
भविष्य में होने वाली रिक्तियों का अनुमान लगाने के लिए विभाग ने 1 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का विवरण भी निर्धारित प्रारूप में मांगा है। यह जानकारी जिला, विकासखंड, विद्यालय तथा संभागीय कार्यालय स्तर के लिए अलग-अलग प्रपत्रों में ली जाएगी। इसमें सहायक ग्रेड-1, 2, 3, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ लेखा परीक्षक और भृत्य जैसे पद भी शामिल हैं।
संचालक, लोक शिक्षण छत्तीसगढ़ के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के बाद शिक्षा विभाग में वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि इस निर्णय से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि स्कूलों में रिक्त पदों की समस्या को भी काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

